अमेरिका के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ने बाजार के उम्मीद के मुताबिक ब्याज दर को 0.25-0.50% सालाना पर स्थिर रखा है। फेड ने लगातार तीसरी बार ब्याज दर को स्थिर रखा है। फेडरल ने धीमी होती ग्लोबल इकोनॉमी और निकट भविष्य में ब्याज दर में बढ़ोतरी के संदर्भ में अपनी भाषा को नरम रखते हुए मजबूत होती अमेरिकी इकोनॉमी में पूरा भरोसा भी जताया है।
पिछले साल दिसंबर में लगभग एक दशक के बाद फेडरल रिजर्व ने पहली बार ब्याज दरों में बढ़ोतरी करते हुए इसे 0-0.25% से बढ़ाकर 0.25-0.50% कर दिया था। जानकारों को इस कैलेंडर साल में ब्याज दर में कम से कम चार बढ़ोतरी का अनुमान था लेकिन अब इसे घटाकर दो बार कर दिया गया है।
फेडरल रिजर्व ने अमेरिकी इकोनॉमी पर भरोसा जताया है और कहा है कि फेडरल फंड्स रेट्स में धीरे-धीरे बढ़ोतरी की जाएगी। अमेरिकी ग्रोथ, घरेलू जॉब मार्केट की स्थिति के अलावा घरेलू महंगाई को भी ध्यान में रखते हुए ब्याज दर स्थिर रखा गया है। जानकारों की मानें तो यूके को यूरोपियन यूनियन में रहने या ना रहने के बारे में वहां 23 जून को होने वाले जनमत संग्रह से पहले फेडरल रिजर्व शायद ही ब्याज दर बढ़ाए।
कोई टिप्पणी नहीं