HDFC बैंक: Q1 का मुनाफा 21% बढ़ा, NPA घटा (YoY)

देश के दूसरे सबसे बड़े प्राइवेट बैंक HDFC बैंक ने इस साल की अप्रैल-जून तिमाही के नेट प्रॉफिट में करीब 21 % बढ़ोतरी की जानकारी दी है। बैंक ने नेट इंटरेस्ट इनकम (इंटरेस्ट इनकम-इंटरेस्ट खर्च) और दूसरे इनकम में बढ़ोतरी की वजह से इस तिमाही में 2,695.7 करोड़ रुपए का मुनाफा कमाया।

बात अगर ग्रॉस एनपीए की करें, तो अप्रैल-जून तिमाही में ये 0.95% रहा जो कि जनवरी-मार्च तिमाही 0.93% और पिछले साल अप्रैल-जून तिमाही में 1.07% था।

वहीं, इस साल अप्रैल-जून तिमाही में बैंक का नेट एनपीए सुधरकर 0.27% रहा, जो कि पिछले साल की इसी तिमाही में 0.32% था। हालांकि, तिमाही के आधार पर नेट एनपीए में 0.02% की बढ़ोतरी देखी गई।

इस साल अप्रैल-जून तिमाही में बैंक ने 6,389 करोड़ रुपए का इंटरेस्ट इनकम कमाया, जो कि पिछले साल की इसी तिमाही के इंटरेस्ट इनकम 5,171.6 करोड़ रुपए के मुकाबले 23.5% ज्यादा है।

जहां तक बैंक के अन्य इनकम की बात है तो पिछले साल अप्रैल-जून तिमाही के मुकाबले इस साल अप्रैल-जून तिमाही में इसमें 33% की बढ़ोतरी देखी गई। पिछले साल की अप्रैल-जून तिमाही में बैंक ने 1,850.6 करोड़ रुपए का अन्य इनकम कमाया, जो कि इस साल की समान तिमाही में  2,461.9 करोड़ रुपए रहा।

बैंक ने इस साल की जून तिमाही के लिए 728 करोड़ रुपए का प्रोविजनिंग किया है जो कि पिछले साल की इसी की तिमाही में 482.8 करोड़ रुपए था।

कोई टिप्पणी नहीं